नई दिल्ली/भोपाल. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व प्रमुख के. एस. सुदर्शन द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन आज दूसरे दिन भी जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित आरएसएस दफ्तर के बाहर कांग्रेस कार्यकताओं ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। आरएसएस भवन में घुसने का प्रयास कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें की।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सीजेएम की अदालत में सुदर्शन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए अर्जी दी गई है। राज्य में संघ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों की खबरें हैं। राज्य के सभी जिलों में पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और मंदसौर सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन किए।
प्रदीप शर्मा नामक एक शख्स ने भोपाल में शुक्रवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आईपीसी की धारा 500,504 और 505 के तहत सुदर्शन पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करने के लिए अर्जी दी है। अदालत इस पर अर्जी पर 12 दिसम्बर को सुनवाई करेगी। अर्जी में सुदर्शन के बयान को महिलाओं का अपमान, कांग्रेसी व देशभक्त समुदाय को आक्रोशित करने वाला एवं प्रादेशिक समूहों में शत्रुता,घृणा व वैमनस्यता की भावना पैदा करने वाला बताया गया है। आवेदन में कहा गया है कि संघ के पूर्व प्रमुख सुदर्शन ने जानबूझकर बयान दिया है। यह आवेदन अधिवक्ता विजय चौधरी ने शर्मा की तरफ से प्रस्तुत किया है।
इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सुदर्शन का पुतला फूंका, नारेबाजी की और चक्का जाम किया। इस दौरान उग्र कार्यकर्ताओं को काबू में करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें की और हल्का बल प्रयोग भी किया। कुछ कांग्रेसियों ने यहां अरेरा कालोनी स्थित संघ के कार्यालय ‘समिधा’ के बाहर प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाए।
पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुदर्शन का पुतला फूंका और शहर के मशहूर डाक बंगला चौराहे पर हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने पुतला फूंकने वाले कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। चूंकि सूबे में विधानसभा चुनाव के चलते अभी आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संघ कार्यालय की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। इसके अलावा कोलकाता और जम्मू में भी प्रदर्शन की खबरें हैं।
क्या कहा था सुदर्शन ने?
संघ के पूर्व प्रमुख सुदर्शन ने बुधवार को भोपाल में आरएसएस के प्रदर्शन के दौरान कुछ यूं कहा था, ‘राजीव, इंदिरा की हत्या सोनिया ने कराई। सोनिया सीआईए की ‘एजेंट और अवैध संतान’। सोनिया का असली नाम सोनिया माइनो है। राजीव गांधी ने ईसाई धर्म ग्रहण कर राबटरे नाम से उनसे शादी की। बाद में इंदिरा गांधी ने वैदिक पद्धति से उनकी शादी कराई। इंदिरा गांधी को इस बात की भनक लग गई थी कि सोनिया सीआईए एजेंट हैं। जिस समय सोनिया का जन्म हुआ, उस समय उसके पिता जेल में थे। इसे छुपाने के लिए ही वे जन्म तिथि 1944 के बजाय 1946 बताती हैं।’