Pages

Sunday, November 28, 2010

डीलर को उनकी ही कार में बांधकर जलाया



मोहाली. 27 साल के प्रॉपर्टी डीलर सुरेश कुमार को शुक्रवार रात उनकी ही कार में बांधकर जला दिया गया। वारदात को सिसवां-बद्दी मार्ग पर अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है कि कत्ल क्यों किया गया। मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में रहने वाले सुरेश के घरवालों का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पिछले दिनों ही सुरेश की सगाई हुई थी।

एसएचओ मुल्लांपुर गरीबदास लखविंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार आधी रात को उन्हें सूचना मिली की सिसवां-बद्दी मार्ग पर सिसवां गांव के पास एक स्विफ्ट कार जल रही है। जब तक पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार की पिछली सीट पर एक व्यक्ति का शव बुरी तरह जली हालत में पड़ा था। शव कार में ही जंजीर से बंधा हुआ था। जांच में पुलिस को पता चला कि कार से ही पेट्रोल निकाल कर आग लगाई गई थी। गाड़ी की टंकी का ढक्कन खुला था।

कॉल डिटेल निकलवा रही पुलिस

खरड़ के डीएसपी राज बलविंद्र सिंह मराड़ ने बताया कि जिस प्रकार गाड़ी में ही सुरेश को जलाया गया है उससे ऐसा लगता है कि कत्ल करने वालों ने पूरी साजिश के साथ घटना को अंजाम दिया है। उनके मुताबिक पहले सुरेश को बेहोश कर गाड़ी में बांधा गया और फिर गाड़ी में आग लगा दी गई। सुरेश का मोबाइल फोन भी जल गया है, हालांकि उसकी कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है।

फिल्म देखने निकला था

बाद में पता चला कि मरने वाला पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में रहने वाला सुरेश है। उसके घर पर सूचना दी गई। सुरेश के ममेरे भाई दविंदर कुमार ने पुलिस को बताया कि सुरेश शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे यह कह कर निकला था कि वह फिल्म देखने जा रहा है। उसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। दविंदर ने बताया कि सुरेश प्रॉपर्टी डीलर था। उसकी कुछ समय पूर्व ही सगाई हुई थी। दविंदर के अनुसार सुरेश की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस ने दविंदर के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज किया है। कार और शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।