Pages

Wednesday, November 16, 2011

करोड़ ठगने वाला फर्जी इंटरपोल अफसर हिरासत में

लुधियाना. विदेशी कालेजों में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर एक करोड़ ठगने वाला आरोपी अमित बेदी लुधियाना पुलिस की हिरासत में है। डेढ़ महीने से अमित करनाल जेल में बंद था। लुधियाना पुलिस मंगलवार को उसे पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। 

अमित 18 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर है। वह खुद को इंटरपोल का ऑन ड्यूटी अफसर बताता था। उसके खिलाफ लुधियाना में आठ व करनाल में धोखाधड़ी के कई केस दर्ज हैं। इस ठगी में उसकी पत्नी अनिता बेदी भी भागीदार है, जिसकी पुलिस को तलाश है। अमित के खिलाफ लुधियाना के ऊधम सिंह नगर में रहने वाले किरण कपूर ने वर्ष 2004 में केस दर्ज कराया था। 

अमित ने किरण के बेटे को कनाडा के मेडिकल कालेज में दाखिले का झांसा देकर 5.82 लाख रुपये ठगे थे। किरण के एतराज पर अमित ने 50 हजार रुपये लौटाकर बकाया जल्द वापस करने का वादा किया, लेकिन बाद में मुकर गया। केस की जांच कर रहे एएसआई जसविंदर सिंह के मुताबिक अमित बेदी के खिलाफ लुधियाना और आसपास के इलाकों से आठ शिकायतें मिलीं। अदालत ने एक करोड़ की ठगी के आरोपी अमित को भगोड़ा करार दिया था।