Pages

Monday, January 28, 2013

सजा भुगत रहे चौटाला ने लिखी चिट्ठी




चंडीगढ़। इनेलो प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने गणतंत्रत दिवस पर अपने चाहने वालों व देश और प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए लोगों से आपसी भाईचारा, शांति, समन्वय और कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रजातांत्रिक प्रणाली का पालन करने का आह्वान किया है। साथ उन्होंने कहा है कि न्यायपालिका से पूरा न्याय मिलेगा।

इनेलो प्रमुख ने नई दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल से प्रदेशवासियों के नाम भेजे अपने संदेश में कहा कि वे प्रजातंत्र में विश्वास रखते हैं। प्रजातंत्र में हर नागरिक को प्रजातांत्रिक तरीके से अपना पक्ष रखने या अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। लेकिन यह सब प्रजातंत्र के नियमों के तहत होना चाहिए और आम नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इनेलो प्रमुख ने कहा कि भारतीय संविधान में न्यायपालिका उसका एक अभिन्न अंग है। वे न्यायपालिका का सम्मान करते हैं और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा ऐतबार है। उन्होंने लोगों से संयम और अनुशासन बनाए रखने व आम नागरिक से प्रेम-प्यार और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि न्यायपालिका द्वारा उनको पूरा न्याय मिलेगा। इनेलो प्रमुख ने अपने संदेश में कहा कि उनकी गैर मौजूदगी अथवा न्यायिक हिरासत के दौरान भावावेश में जनता के प्रदर्शन के दौरान यदि कोई ऐसी घटना घटित हुई है, जो कानून प्रक्रिया के दायरे में नहीं थी या जिससे आम नागरिकों को परेशानी हुई है तो वे उसकी निंदा करते हैं।