Monday, March 3, 2014

चुनावी अखाड़े में सविता भट्टी ने ठोंकी ताल, देखें प्रचार अभियान की तस्वीरें

चुनावी अखाड़े में सविता भट्टी ने ठोंकी ताल, देखें प्रचार अभियान की तस्वीरें
चंडीगढ़. जसपाल भट्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज आम जन तक पहुंचाने की शुरुआत सेक्टर 17 प्लाजा से ही करते थे। आज वे हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन उनका भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। आम आदमी पार्टी की लोकसभा प्रत्याशी सविता भट्टी ने कहा कि अब चूंकि पार्टी ने उन्हें चंडीगढ़ से अपना उम्मीदवार बनाया है। मैं भी पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत सेक्टर 17 से ही कर रही हूं। सविता भट्टी ने नारियल तोड़कर प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में चुनाव का एजेंडा भ्रष्टाचार ही रहेगा।
 
नहीं पहनी 'आप' की टोपी:  चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत के समय सविता भट्टी को कई बार 'आप' की टोपी पहनाने की कोशिश की गई, लेकिन सविता भट्टी ने टोपी नहीं पहनी। पार्टी नेताओं के चिर-परिचित अंदाज में आम आदमी पार्टी के हरियाणा के ऑब्जर्वर राजीव गोदारा ने एक गरीब बच्चे को अपनी गोद में उठाया।
 
सविता भट्टी ने कहा कि अगर चंडीगढ़ के लोग उन्हें मौका देंगे तो वे आम आदमी की आवाज को उठाएंगी। भ्रष्टाचार के सवाल पर उन्होंने कहा चंडीगढ़ में सड़क, इंस्टीट्यूशन और सरकारी महकमों में हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
 
जब उनसे कांग्रेस के उम्मीदवार पवन कुमार बंसल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे उनके बारे में कुछ भी नहीं कहना चाहती। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने एजेंडे के अनुसार काम करेगी। सविता भट्टी ने कहा कि रेहड़ी-फड़ी वालों को उनका हक दिलवाएंगी।
 
लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ता रहे दूर: आम आदमी पार्टी की ओर से सविता भट्टी को चंडीगढ़ से लोकसभा उम्मीदवार बनाने के बाद लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में निराशा दिखी। कई कार्यकर्ता प्रचार अभियान शुरू होने के दौरान आए तो, लेकिन उनमें पहले जैसा उत्साह नजर नहीं आया। पार्टी की ओर से एक माह पहले शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को दरकिनार करने पर उठे विवाद पर सविता ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में कोई विद्रोह नहीं है। प्रचार की शुरुआत के समय कार्यकर्ताओं के पार्टी के हरियाणा के ऑब्जर्वर राजीव गोदारा व आरटीआई एक्टिविस्ट एचके अरोड़ा भी मौजूद थे।
 
सेक्टर 44 में शाम को कार्यकर्ताओं ने किया प्रचार: प्रचार अभियान शुरू होने के साथ ही शाम 6 बजे सेक्टर-44 स्थित एससीओ-260 में पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए। पार्टी कार्यकर्ता नरेश गर्ग उर्फ बॉबी ने कहा कि वे और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता आप की उम्मीदवार सविता भट्टी को पूरा समर्थन दे रहे हैं। पार्टी के हित में सभी कार्यकर्ता प्रचार अभियान में पूरा साथ देंगे।

Uploads by drrakeshpunj

Popular Posts

Search This Blog

Popular Posts

followers

style="border:0px;" alt="web tracker"/>